सम्भल में अलविदा जुम्मे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया तथा पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने कस्बा सम्भल के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं मस्जिदों के आसपास तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी संवाद स्थापित किया तथा आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अलविदा जुम्मे के अवसर पर यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे अलविदा जुम्मे की नमाज पूरे जनपद में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।