संभल। तहसील सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने भी पुलिस से संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समाधान किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने शिकायतों के प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।