रईस अल्वी वरिष्ठ संवाददाता संभल
संभल जनपद के थाना क्षेत्र के एक गांव में पानी समझकर तेजाब पी लेने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव मछरिया के रहने वाले दो युवक एक शादी समारोह के दौरान शराब पीने के लिए एक घर में चले गए। शराब के नशे में धुत होने के बाद वहां रखी तेजाब की बोतल को पानी समझकर दोनों युवकों ने शराब में मिलाकर पी लिया। कुछ ही देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी और परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों ने दोनों युवकों को इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई दिनों तक उनका उपचार चलता रहा। इलाज के बाद कुछ सुधार होने पर दोनों युवक घर लौट आए। लेकिन होली के दौरान एक युवक ने फिर शराब पी ली, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक फिर से बिगड़ गई।
परिजन उसे दोबारा मुरादाबाद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी आंतों में गंभीर संक्रमण बताया और ऑपरेशन भी किया। तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।