
बहजोई (सम्भल)। सम्भल जिले की बहजोई थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने मौके से कुल सात अवैध हथियार, एक जिंदा कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज रावत व क्षेत्राधिकारी बहजोई अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को चेकिंग के दौरान चितौरा गांव से बहजोई की ओर जाने वाले रास्ते पर एक बाल अपचारी को 315 बोर के तमंचे के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने चितौरा रोड से करीब 60 मीटर अंदर खेत में बने एक कोठरे पर छापा मारकर दो अन्य आरोपियों अनस उर्फ तौफीक रजा निवासी फैजगंज बेहटा और सुनील कुमार निवासी रुदायन, जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया।

मौके से एक 12 बोर तमंचा, तीन 315 बोर तमंचे, एक 315 बोर देशी रायफल, दो 32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा ड्रिल मशीन, शिकंजा, लोहे का बाट, गैस सिलेंडर, अंगीठी सहित हथियार बनाने के उपकरण और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक सहित बहजोई पुलिस टीम शामिल रही।