
बहजोई (सम्भल)। बहजोई थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र अमर सिंह निवासी जैरोई हयातनगर तथा धर्मेन्द्र पुत्र नेमचन्द्र निवासी गांव बिसारू थाना बहजोई के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, टंकी मोहल्ला बहजोई निवासी तिलक चौधरी और गांव मौकमपुर निवासी राजेश की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में थाना बहजोई में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को सम्भल तिराहे से सम्भल की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को चोरी की दो बाइकों सहित गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर बिसारू रोड स्थित भट्टे के पीछे से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सम्भल सहित आसपास के जनपदों में मेलों, मंदिरों और सरकारी अस्पतालों के आसपास रेकी करते थे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को मौका पाकर चोरी कर लेते और उन्हें बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में चोरी के अलावा अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक सहित बहजोई थाना पुलिस की टीम शामिल रही।
वाइट विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस अधीक्षक संभल