संभल। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने शनिवार को संभल जिले में पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद एसपी ने पत्रकारों से वार्ता कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस की प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
एसपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। संबंधित पुलिस सेल और अधिकारियों को भी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाया जाएगा। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से ड्यूटी के दौरान पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।