उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आज एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) मुख्यालय का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और परिचालन तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एटीएस की आधारभूत संरचना, तकनीकी क्षमताओं और आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की विस्तार से समीक्षा की।
डीजीपी ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में एटीएस को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। प्रदेश के संवेदनशील स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नई फील्ड यूनिट्स की स्थापना भी की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डेटा विश्लेषण और आतंकी गतिविधियों की निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने एटीएस कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए नियमित मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) सहित अन्य शीर्ष सुरक्षा संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाकर एटीएस कमांडोज़ को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश भी दिए गए। डीजीपी ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है।