
सम्भल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर मां-बेटे की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक राकेश का सगा भाई कृष्णपाल पुत्र जगतपाल, उसका बेटा अमित उर्फ मिंटू तथा राजीव पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम करीमपुर, थाना बहजोई, जनपद सम्भल शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मृतक राकेश और उसके भाई कृष्णपाल के बीच करीब 30 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि कृष्णपाल और उसके बेटे राकेश के हिस्से की बची आठ बीघा जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। इसी रंजिश के चलते 10 सितम्बर 2026 की रात राकेश और उसकी मां नेकसी की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी।

वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए दोनों शवों को ई-रिक्शा में रखकर बहजोई-सम्भल मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास डाल दिया गया था। परिजनों ने शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना बताया, लेकिन मृतक की पत्नी ने कुछ दिन बाद पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में बहजोई पुलिस ने 8 नवम्बर को सम्भल रोड स्थित यात्री शेड के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, तकिया और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइट: विकास चन्द्र त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सम्भल।