
सम्भल। चंदौसी क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात मोहम्मदपुर काशी और फरीदपुर खास गांव के बीच सड़क पर हुई, जहां 35 वर्षीय युवक विक्रम चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान विक्रम चौधरी पुत्र बिजेंद्र सिंह, निवासी भारतल मदापुर, थाना हजरतनगर गढ़ी के रूप में हुई है। युवक की हत्या की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना बनियाठेर पुलिस, चंदौसी कोतवाली पुलिस और सीओ चंदौसी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। युवक की हत्या किस वजह से और किन परिस्थितियों में की गई, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।