(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। जनपद संभल के तहसील गुन्नौर क्षेत्र के ग्राम बाघऊ में ग्राम समाज/ऊसर भूमि पर अवैध रूप से निर्मित “खेरे वाले चमन शाह बाबा दरगाह शरीफ मजार” को प्रशासन ने ध्वस्त कर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। कार्रवाई के दौरान जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कार्रवाई का जायजा लिया।
प्रशासन के अनुसार ग्राम बाघऊ स्थित गाटा संख्या 592 मि. की कुल 1.046 हेक्टेयर भूमि में से 24 वर्गमीटर ग्राम समाज/ऊसर भूमि पर अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण किया गया था। तहसीलदार गुन्नौर रवि सोनकर के निर्देशन में नायब तहसीलदार रजपुरा अनुज कुमार, राजस्व विभाग की टीम तथा पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन के माध्यम से निर्माण को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।
मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकास चन्द्र सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि, तालाबों और चक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि संबंधित मामले में तहसीलदार न्यायालय द्वारा अवैध कब्जाधारक के विरुद्ध बेदखली का आदेश पारित किया गया था। इसके विरुद्ध दायर अपील को भी जिलाधिकारी न्यायालय ने निरस्त कर दिया था, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई अमल में लाई।