सम्भल/बहजोई, । चंदौसी में 12 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मेला गणेश चौथ चंदौसी-2026 की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में मेला कमेटी के साथ संयुक्त बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला स्थल पर विद्युत व्यवस्था सुचारू रखी जाए और तारों व पोल को सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाए। जल निगम को हैंडपंपों की मरम्मत तथा आवश्यकता के अनुसार नए हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए गए। रोडवेज विभाग को अस्थायी बस स्टॉप और पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने को कहा गया।एसपी ने अग्निशमन वाहनों की प्वाइंट-बाय-प्वाइंट तैनाती के साथ उनके मूवमेंट पर नजर रखने के निर्देश दिए। 14 सितंबर की रथयात्रा के दौरान पार्किंग और यातायात व्यवस्था बेहतर रखने पर जोर दिया गया।डीएम ने मेला स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखने, निःशुल्क पेयजल, डस्टबिन, साफ-सफाई और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर साइन एज लगाने को भी कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने मेला कमेटी से दुकानों और मेला स्थल का ले-आउट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।