
सम्भल में कैला देवी धाम से शाही जामा मस्जिद तक निकाली जाने वाली प्रस्तावित यात्रा को प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रोक दिया। यात्रा आगे बढ़ने के दौरान पुलिस और आयोजकों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही। भगवा झंडे लेकर सैकड़ों समर्थक मौके पर मौजूद रहे, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान महंत ऋषिराज गिरी और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। महंत ऋषिराज गिरी ने बयान देते हुए कहा, “जो राम को लाए हैं, वो हरिहर अर्थात भगवान विष्णु को भी लाएंगे।” उनके इस बयान के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन के आश्वासन पर यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।