
सम्भल। आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार 19 नवंबर को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने ग्राम सिसौना डांडा स्थित गंगा घाट पहुंचकर मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। घाट पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

डीएम और एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा मेले के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। मेले में किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने पाए, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर अंकित मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात स्तुति सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।