
स्टार न्यूज़ 24
मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ता दिखाई दे रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे आम लोगों पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। आलोक शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर यही हाल रहा तो सरकार को “नाली से गैस बनाने” जैसे विकल्प ढूंढने पड़ेंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि सरकार को पहले से ऐसी परिस्थितियों के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए थी ताकि आम जनता को गैस और ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े।
वहीं, इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताया है और कहा है कि सरकार देश में ईंधन की आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठा रही है।