उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज सहारनपुर जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रही करीब 75 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए गांव नागलमाफी के पास अस्थायी हेलीपैड तैयार किया जा रहा है, वहीं नागलमाफी से भूरादेव तक जाने वाले मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान चलाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सिद्धपीठ क्षेत्र में पर्यटन सुविधा केंद्र, ओपन एयर थिएटर, मल्टी-लेवल कार पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक, पब्लिक सोवेनियर शॉप, पदयात्रा मार्ग सुदृढ़ीकरण और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था जैसे कई विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके अलावा भूरादेव से सिद्धपीठ तक एलिवेटेड पुल और एप्रोच रोड निर्माण भी सेतु निगम द्वारा तेजी से कराया जा रहा है।
प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएंगी, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।