
बहजोई (सम्भल), 31 अक्टूबर 2026। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना। सीडीओ की धर्मपत्नी एवं आकांक्षा समिति सम्भल की उपाध्यक्ष श्रीमती मृदुला भट्ट ने वरिष्ठ नागरिकों को फल एवं भोजन वितरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, खान-पान और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुजुर्गों की देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एलोपैथिक चिकित्सा सेवाओं के साथ आयुर्वेद विभाग को भी जोड़ा जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को समुचित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।