RAIS ALVI SAMBHAL
संभल जनपद के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गाँव किसोली और रफीपुर के बीच मिट्टी की ढाग (ढेर) गिरने से चार लोग दब गए, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का भारी ढेर भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला।

घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद खनन माफिया मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए, जबकि ट्रॉली घटनास्थल पर ही छोड़ दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।