(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई भी भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अथवा भ्रामक सामग्री प्रसारित न करने की भी अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही सभी आयोजकों को निर्देश दिए गए कि कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
बैठक में ताजिया जुलूस के मार्ग, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने सभी सभ्रांत नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारीगण तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
वाइट के के बिश्नोई पुलिस अधीक्षक संभल