(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
बहजोई में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति-पत्र, भगवान श्री गणेश और भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमाओं का किया वर्चुअल अनावरण
सम्भल (बहजोई)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सम्भल जनपद के दौरे के दौरान बहजोई स्थित इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन (नवीन कलेक्ट्रेट परिसर) में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद को ₹568.989 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने सम्भल और चन्दौसी विधानसभा क्षेत्रों की 12 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 54 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए और चन्दौसी में भगवान श्री गणेश की 145 फीट तथा भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची प्रतिमाओं का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न लगभग चार बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन स्थल पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मौलश्री का पौधा रोपित किया। इसके पश्चात “विकसित सम्भल–विकसित उत्तर प्रदेश 2047” विषय पर आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आईसीडीएस विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में जनपद के 68 प्राचीन तीर्थों, 19 महाकूपों तथा 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर कराए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही निर्माणाधीन 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के मॉडल और पुरातत्व विभाग द्वारा प्रदर्शित प्राचीन कलाकृतियों को भी देखा।
मंच पर जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, भगवान श्रीराम की प्रतिमा तथा गदा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुआत माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने स्वागत भाषण से की। उन्होंने कहा कि अल्प समय में जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की उत्कृष्ट तैयारी की है, जिसके लिए प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दी गई 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से सम्भल धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के लिए भी एक मॉडल बनेगा।
गुलाब देवी ने चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण, कृषि अनुसंधान केंद्र, देवापुर में कन्या महाविद्यालय, बहजोई में जिला मुख्यालय, खेतापुर में 50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल सहित अनेक विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने खेतापुर में एम्स की स्थापना, बहजोई-सम्भल मार्ग पर ओवरब्रिज, चन्दौसी में दो ओवरब्रिज तथा रोडवेज बस स्टेशन के शिलान्यास सहित कई प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की नौ वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने ₹68.966 करोड़ लागत की 12 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹500.023 करोड़ लागत की 54 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें चन्दौसी विधानसभा की 30 तथा सम्भल विधानसभा की 24 परियोजनाएं शामिल हैं। इस प्रकार कुल ₹568.989 करोड़ लागत की 66 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत गुन्नौर किसान क्रांति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सदस्य राहुल शर्मा को ट्रैक्टर एवं छह कृषि यंत्रों की चाबी प्रदान की। श्रम विभाग की निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत हरमुख देवी को ₹2.25 लाख का डेमो चेक दिया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को प्रिंटिंग प्रेस स्थापना के लिए ₹5 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत सीमा रानी को ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार का लाभ दिया गया। राजस्व विभाग की आवासीय पट्टा योजना के अंतर्गत मुकर्रबपुर के रानी, बृजेश और राजकुमार को आवासीय पट्टा स्वीकृति-पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन की शुरुआत “सियावर रामचंद्र की जय”, “पवनपुत्र हनुमान की जय”, “वृंदावन बिहारी लाल की जय” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विष्णु के दशम अवतार भगवान कल्कि की पावन भूमि पर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय सम्भल में भूमि अभिलेखों को नष्ट करने का षड्यंत्र किया गया, लेकिन अब विकास और सुशासन की नई तस्वीर सामने है। उन्होंने कहा कि बहजोई में पुलिस लाइन का निर्माण किया जा रहा है, सम्भल में पीएसी बटालियन स्थापित की जाएगी तथा बहजोई में इंटीग्रेटेड जिला मुख्यालय का निर्माण तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्भल को फोर लेन और टू लेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से मेरठ, प्रयागराज और हरिद्वार की बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी, जिससे दिल्ली की दूरी कम हुई है और क्षेत्र के उद्योग, व्यापार तथा कृषि उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सम्भल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि 68 प्राचीन तीर्थ, 19 महाकूप और 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के संरक्षण एवं विकास से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब परिक्रमा मार्ग के विकास में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि लगभग दस हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है और इस भूमि का उपयोग गरीबों, वंचितों तथा जरूरतमंद लोगों के हित में किया जाएगा। भूमि अभिलेख नष्ट करने वालों को भूमाफिया घोषित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मेंथा किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिंथेटिक मेंथा पर अधिक कर तथा किसानों के प्राकृतिक मेंथा पर कर राहत देकर किसानों के हितों की रक्षा की गई है, जिससे सम्भल के मेंथा उत्पादकों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही स्थान होगा। सुशासन ही निवेश का आधार है और निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गरीबों को आवास, शौचालय, राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह और जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री को भगवान हरिहर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, जनपद के प्रभारी मंत्री जे.पी.एस. राठौर, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’, पूर्व सदस्य विधान परिषद परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खडगवंशी, जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह सहित जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।