
सम्भल (बहजोई), 28 अक्टूबर 2026।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाओं, भारी वर्षा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए सम्भल जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा 26 अक्टूबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लोगों को निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा सुरक्षित एवं मजबूत मकानों में रहने की सलाह दी है। तेज बारिश और हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा फिसलन भरी सड़कों पर वाहन सावधानी से चलाने को कहा गया है।
किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा बारिश के दौरान कटाई, सिंचाई और उर्वरकों के प्रयोग से बचने की सलाह दी गई है। नदी-नालों, जलमग्न पुलों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास जाने से भी मना किया गया है।
अधिकारियों को आवश्यक सेवाओं, अस्पतालों, अस्थायी आश्रय गृहों तथा भोजन, पानी और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में जनसुरक्षा प्रभावित न हो।