चेन्नई,। तमिलनाडु में प्रस्तावित परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करने के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार के फैसले के बाद सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) और विपक्षी डीएमके के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। चेन्नई से करीब 70 किलोमीटर दूर प्रस्तावित इस एयरपोर्ट का स्थानीय किसान और पर्यावरण कार्यकर्ता लंबे समय से विरोध कर रहे थे।
मुख्यमंत्री विजय ने परियोजना रद्द करने का ऐलान करते हुए कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन किसानों के हित और कल्याण की कीमत पर नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादे के तहत परंदूर एयरपोर्ट से जुड़े सभी कदम वापस ले रही है। TVK पहले से ही परियोजना के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में रही है।
हालांकि, परियोजना रद्द होने के बाद भी विवाद थमा नहीं है। डीएमके नेता दुरईमुरुगन ने सरकार से पिछली सरकार के दौरान परियोजना से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को परियोजना पर संदेह है तो संबंधित दस्तावेज सामने रखे जाने चाहिए।
दुरईमुरुगन ने सरकार को एक सप्ताह का समय देते हुए विधानसभा में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की चेतावनी भी दी। ऐसे में परंदूर एयरपोर्ट का मुद्दा तमिलनाडु की राजनीति में नया सियासी अखाड़ा बनता नजर आ रहा है।