
बहजोई। सम्भल पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और सुलह-समझौते के माध्यम से सुलझाने के लिए संचालित परिवार परामर्श केन्द्र की बैठक शनिवार को महिला थाना बहजोई में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष डॉ. रुकमपाल सिंह ने की।
पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों से संबंधित मामलों की काउंसलिंग की गई। काउंसलर्स ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति से विवादों को समाप्त कराने का प्रयास किया।

बैठक के दौरान कुल 161 पत्रावलियों की सुनवाई की गई, जिनमें से 51 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें 16 परिवारों को आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर दोबारा साथ रहने के लिए राजी कराया गया। वहीं 13 मामलों में परिस्थितियों को देखते हुए विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके अलावा 29 पत्रावलियां आवेदक या आवेदिका के उपस्थित न होने और पैरवी नहीं किए जाने के कारण बंद कर दी गईं।
इस दौरान काउंसलर लवमोहन वार्ष्णेय, कंचन माहेश्वरी, श्वेता गुप्ता, सीमा आर्य, बबीता शर्मा सहित कांस्टेबल शहजाद मलिक, महिला आरक्षी विनीता, ज्योति एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।