
बबराला, सम्भल। योगगुरु स्वामी रामदेव ने सोमवार, 26 अक्टूबर को सम्भल जनपद के बबराला कस्बे में आयोजित प्रांतीय आर्य महासम्मेलन में पहुंचकर सनातन धर्म, आर्य समाज और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ढोंग, पाखंड और अंधविश्वास के कारण सनातन धर्म दुनिया भर में बदनाम हो रहा है। स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य वैदिक सनातन धर्म का सच्चा स्वरूप प्रस्तुत किया था।
स्वामी रामदेव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब पांच हजार आर्य समाज और पांच सौ स्कूल व इंटर कॉलेज हैं, जहां गुरुकुल पद्धति से शिक्षा दी जाती है। उन्होंने चरित्र निर्माण के कार्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगदान और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस काम में उनका बड़ा आशीर्वाद है।
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार योगी सरकार बनने के सवाल पर स्वामी रामदेव ने कहा कि वह चाहते हैं कि पूरे देश में ऐसी आत्माओं का शासन हो, जिनमें आर्यत्व और दिव्यत्व हो।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी के उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के दावे पर उन्होंने कहा कि ओवैसी यूपी के लिए उत्तम हैं, क्योंकि उनके आने से कुछ लोगों के वोट कटते हैं और इसका लाभ योगी आदित्यनाथ को मिलता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि किसी को भी ओछी बातें नहीं करनी चाहिए।