उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इस बदलाव के तहत मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें लखनऊ में विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, 2015 बैच के आईएएस अधिकारी और हरदोई के जिलाधिकारी रहे अनुनय झा को मुरादाबाद का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मुरादाबाद की कमान संभालने के साथ ही जिले के प्रशासनिक कामकाज में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
नए जिलाधिकारी के सामने जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण की चुनौती होगी। इसके अलावा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
मुरादाबाद एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और कारोबारी जिला होने के कारण यहां विकास परियोजनाओं, यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। अब देखना होगा कि नए जिलाधिकारी अनुनय झा जिले की प्राथमिकताओं को किस तरह आगे बढ़ाते हैं और प्रशासनिक व्यवस्था को कितना प्रभावी बनाते हैं।