
सम्भल/बहजोई, 10 सितंबर। चन्दौसी नगर में 12 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गणेश चौथ मेले और 14 सितंबर को निकलने वाली भव्य रथयात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला स्थल और रथयात्रा मार्ग का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने अग्निशमन, विद्युत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र के निकास द्वारों के पास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था बनी रहे।

स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेले में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और नियमित निगरानी करने को कहा गया।

डीएम-एसपी ने रथयात्रा में शामिल होने वाली झांकियों का अवलोकन किया और मार्ग की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेले और रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।