दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करने वाले गाजियाबाद निवासी मोहम्मद जुनैद मलिक का एक नया वीडियो सामने आया है। पुलिस हिरासत और पूछताछ के बाद जारी इस वीडियो में जुनैद ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का दावा किया है।
वीडियो में जुनैद ने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी का साथ दिया, लेकिन जब उन्हें कानूनी और नैतिक समर्थन की जरूरत पड़ी तो उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनके लिए एक मजबूत लीगल टीम बनाई जानी चाहिए थी और उन्हें पूरा कानूनी सहयोग मिलना चाहिए था।
जुनैद ने दावा किया कि CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके या पार्टी के किसी प्रमुख प्रवक्ता ने उनसे संपर्क नहीं किया। उनके अनुसार केवल रत्ना जी से बातचीत हुई, जबकि अन्य नेताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी उनसे दूरी बना रही है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि सभी लोग एकजुट होकर छात्रों की लड़ाई लड़ें और आंदोलन का समर्थन जारी रखें।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले CJP ने जुनैद और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया था। फिलहाल जुनैद के ताजा दावों पर CJP की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनके बयानों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है।