संभल जनपद के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रीठ में सोमवार देर रात एक टैंट के गोदाम में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की लपटों में घिर गया। घटना में गोदाम में रखा टैंट का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जबकि वहां खड़ा एक ट्रैक्टर भी पूरी तरह जलकर कबाड़ बन गया। गोदाम के पास बंधी एक भैंस की भी आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकी जा सकी। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना से टैंट व्यवसायी को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।