(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद संभल के राजघाट बबराला में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित कर्मचारियों और आमजन से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, डीएफओ संभल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।