स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, अधिक से अधिक नामांकन पर जोर

रईस अल्वी संवाददाता संभल —-
सम्भल (बहजोई)। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत “एक भी बच्चा छूटे ना, संकल्प हमारा टूटे ना” के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का पहला चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक तथा दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वाराणसी के कम्पोजिट विद्यालय शिवपुर से हुआ, जहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की शुरुआत की। इसका प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने देखा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नवीन नामांकन वाले बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और पुस्तकें देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से विद्यालय से जोड़कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि ड्रॉपआउट बच्चों की सूची शारदा ऐप के माध्यम से प्राप्त होगी और लक्ष्य जीरो ड्रॉपआउट हासिल करना है।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *