rahis alvi
सम्भल में पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टला, तेल डलाते समय कार में लगी भीषण आग
सम्भल जनपद के थाना धनारी क्षेत्र स्थित गांव भकरौली के एस्सार पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेल डलाने पहुंची एक कार अचानक आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि कार में पेट्रोल भरवाते समय अचानक आग भड़क उठी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि स्थानीय लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत कार को पंप से दूर साइड में हटाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद पंप पर मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया, जबकि समय रहते आग पर काबू पाए जाने से एक बड़ी जनहानि टल गई।