आधुनिक शिक्षा में भारतीय ज्ञान परम्परा के समावेश पर प्रेस वार्ता आयोजित
संभल। जिला मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को भारतीय शिक्षा बोर्ड की ओर से आधुनिक शिक्षा में भारतीय ज्ञान परम्परा के समावेश विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम भारतीय शिक्षा बोर्ड (राष्ट्रीय विद्यालयी बोर्ड – उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित) के चेयरमैन डॉ. एन.पी. सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा विद्यार्थियों के समग्र विकास, नैतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ भारतीय विरासत और संस्कारों से भी जोड़ा जाना चाहिए, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के साथ अपने सांस्कृतिक मूल्यों को भी बनाए रख सकें।
इस अवसर पर विभिन्न पत्रकारों ने शिक्षा प्रणाली में सुधार, पाठ्यक्रम में बदलाव तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को लागू करने की रणनीति को लेकर प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।