संभल। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जनपद संभल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए दो लाख से अधिक घरों पर तिरंगा लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने अभियान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि गांवों, कस्बों और शहरों में अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए तथा लोगों को अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। गली-मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर भी तिरंगा लगाकर स्वतंत्रता दिवस के माहौल को देशभक्ति से सराबोर करने की अपील की गई है।
इसी क्रम में बहजोई नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री श्रीमती गुलाब देवी और भाजपा जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया। यात्रा बहजोई महाविद्यालय से शुरू होकर विभिन्न बाजारों और मार्गों से गुजरते हुए इस्लामनगर चौराहे पर संपन्न हुई।
15 अगस्त को देश की आजादी का पर्व मनाया जाएगा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है।