(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि, गैस सिलेंडर की किल्लत और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में सपाई कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
प्रदर्शन में पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार को घेरते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम अंकित खंडेलवाल को ज्ञापन देने को लेकर पुलिस प्रशासन और सपाइयों के बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली।
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान वर्क ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को भी उठाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। सांसद ने कहा कि बढ़ती महंगाई से देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है और जनता में सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी है।