गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, पिता-पुत्री की मौत, पांच घायल

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

सम्भल जनपद में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना कैला देवी क्षेत्र में दो कारों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में पिता और पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है कि गलत दिशा से आ रही एक पोलो कार ने सामने से आ रही मर्सिडीज कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना कैला देवी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे में मृत पिता-पुत्री के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने गंगा एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *