सऊदी अरब में पाकिस्तान की बड़ी सैन्य तैनाती, बदले में अरबों डॉलर का आर्थिक पैकेज और निवेश तय


मध्य-पूर्व में बदलते रणनीतिक हालात के बीच पाकिस्तान और सऊदी अरब के रिश्ते और मजबूत होते नजर आ रहे हैं। हाल ही में हुए एक संयुक्त रक्षा समझौते के तहत पाकिस्तान ने सऊदी अरब में बड़ी सैन्य तैनाती की है, जिसके बदले उसे भारी आर्थिक मदद और निवेश मिलने की उम्मीद है।
समझौते के तहत पाकिस्तान ने करीब 13,000 सैनिकों के साथ 10 से 18 लड़ाकू विमानों की तैनाती की है। ये सैनिक और एयरक्राफ्ट किंग अब्दुलअजीज एयर बेस पर तैनात किए गए हैं। इस कदम को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।
इस सैन्य सहयोग के बदले पाकिस्तान को खाड़ी देशों से आर्थिक राहत मिलने जा रही है। सऊदी अरब और कतर ने मिलकर पाकिस्तान को करीब 5 अरब डॉलर की सहायता देने का भरोसा दिया है, जिससे उसकी कमजोर अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा। साथ ही, सऊदी अरब ने 2018 और 2021 में दिए गए पुराने कर्ज की वसूली फिलहाल टाल दी है, जिससे पाकिस्तान को नकदी संकट से उबरने में मदद मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ा निवेश प्रस्तावित है। ग्वादर में करीब 10 अरब डॉलर की लागत से एक विशाल ऑयल रिफाइनरी प्रोजेक्ट पर काम करने की योजना है, जिसमें Saudi Aramco और पाकिस्तान की कंपनियां मिलकर निवेश करेंगी। इस रिफाइनरी की क्षमता लगभग 4 लाख बैरल प्रतिदिन होने की संभावना है।
इसके अलावा सऊदी अरब पाकिस्तान में करीब 1 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी करीब 1 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता केवल रक्षा सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पाकिस्तान अपनी आर्थिक स्थिति को स्थिर करने की कोशिश कर रहा है, जबकि सऊदी अरब क्षेत्रीय सुरक्षा और प्रभाव को और मजबूत करना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *