
सम्भल, 1 अक्टूबर 2026। राम बारात के जुलूस, नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सम्भल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कोतवाली सम्भल क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं हॉटस्पॉट स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित सुधाकर रामटेके, क्षेत्राधिकारी असमोली, विभिन्न थानों के प्रभारी, आरआरएफ और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सीसीटीवी कैमरों के संचालन में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के मद्देनजर पुलिस बल और पीएसी की उचित तैनाती तथा प्रभावी ड्यूटी प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही पुराने मुकदमों में वांछित आरोपियों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराना है।