(रईस अल्वी संवाददाता)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में देर रात 17 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव मुरादाबाद मंडल में हुआ है। लंबे समय से मंडलायुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे चर्चित IAS अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है। सात बार सेवा विस्तार मिलने के बाद उन्हें इस बार आठवीं बार एक्सटेंशन नहीं मिला। इसके बाद उन्हें उनके मूल कैडर राज्य के लिए रिलीव कर दिया गया।

आंजनेय कुमार सिंह सिक्किम कैडर के IAS अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश में रामपुर के जिलाधिकारी के रूप में तैनाती के दौरान वह काफी चर्चा में आए थे। आजम खान से जुड़े मामलों और जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन से संबंधित कार्रवाई के दौरान भी उनका नाम सुर्खियों में रहा।
अब उनकी जगह अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य न्यायिक के पद पर तैनात सोम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ भेजा गया है।

17 IAS अधिकारियों के इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों में भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। गोरी शंकर प्रियदर्शी को आयुष विभाग के महानिदेशक के साथ राष्ट्रीय आयुष मिशन की जिम्मेदारी मिली है। दीपा चौधरी को राजस्व परिषद में प्रशासनिक सदस्य बनाया गया है, जबकि प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्राम्य विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा जल निगम, नियोजन, सहकारिता और शहरी विकास समेत कई विभागों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। तीन दिन पहले ही प्रदेश में 9 IPS अधिकारियों के तबादले हुए थे। अब IAS तबादलों के बाद यूपी के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव की तस्वीर साफ हुई है।