
बहजोई। पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी के आदेश पर पुलिस लाइन बहजोई के सभागार में बाल अपराधों की रोकथाम को लेकर मासिक गोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं नोडल अधिकारी मनोज कुमार रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, बाल कल्याण समिति के सदस्यों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनपद के थानों के बाल कल्याण अधिकारियों ने सहभागिता की।

गोष्ठी में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, पॉक्सो एक्ट, गुमशुदा बच्चों, भिक्षावृत्ति और अनैतिक व्यापार की रोकथाम को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को बच्चों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई और समन्वय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ऑपरेशन रक्षा, मिशन शक्ति, ऑपरेशन मुस्कान और बालश्रम उन्मूलन जैसे अभियानों की समीक्षा की गई। बच्चों एवं महिलाओं के लिए संचालित बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
प्रयत्न संस्था के प्रभारी गौरी शंकर चौधरी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 27 नवंबर को बाल विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया है। इस अवसर पर संस्था की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत को गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।