(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल/बहजोई। बहजोई नगर पालिका परिषद में नई अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण ने कार्यभार संभालते ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में सख्त तेवर दिखाए हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नगर के किसी भी क्षेत्र में कूड़ा या गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और जलभराव जैसी समस्याओं से नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नगर को जाम मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अमिता वरुण ने स्पष्ट कहा कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए होती हैं, अतिक्रमण करने के लिए नहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर में अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाया भी जाएगा। नगर पालिका का उद्देश्य शहर को साफ, सुंदर, व्यवस्थित और जाम मुक्त बनाना है।