बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता पर सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लगातार गैरहाजिर रहने और गंभीर आरोपों के संज्ञान में आने पर 5 मुख्य आरक्षी और 3 आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कई पुलिसकर्मी स्वीकृत अवकाश के बाद ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे थे। वहीं, एक मुख्य आरक्षी पर कार्य एवं आचरण से जुड़ी शिकायत और दुर्व्यवहार की पुष्टि होने पर भी कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निलंबित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मियों को कड़ी चेतावनी मिल गई है।