उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को प्रयागराज दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। पुलिस लाइन हेलीपैड और सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर “घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाया।
डिप्टी सीएम ने गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर फैल रही खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष केवल अफवाह और दुष्प्रचार के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में अफवाह फैलाने वालों का “बाजा बजा दिया जाएगा।”
मौर्य ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पहले जहां प्रतिदिन करीब 55 लाख गैस सिलिंडर बुक होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 लाख तक पहुंच गई है, जिससे साफ है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और सरकार हर जरूरतमंद तक सिलिंडर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंतरराष्ट्रीय हालात पर बोलते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना की और कहा कि वैश्विक तनाव के बावजूद भारत को कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति मिल रही है, जो मजबूत कूटनीति का परिणाम है।
आगामी चुनावों को लेकर भी डिप्टी सीएम ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी।
इस दौरान प्रयागराज में महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।