सम्भल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन बहजोई में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति शपथ दिलाई। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जनसेवा, अनुशासन, ईमानदारी एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से दोनों महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया।
सम्भल पुलिस ने इस अवसर पर सत्य, स्वच्छता, ईमानदारी और जनसेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।