संभल। जनपद संभल में तेज बारिश के बीच जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने रात्रि में बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की मौजूदगी, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और रात्रिकालीन सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह भी देखा कि बरसात के दौरान डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी समय पर ड्यूटी पर पहुंच रहे हैं या नहीं।

निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आईं और कुछ स्टाफ के मौके पर मौजूद नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों के कारण मरीज अचानक अस्पताल पहुंच सकते हैं। ऐसे में मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल में मौजूद रहें तथा किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। रात्रिकालीन औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी रही।