जिलाधिकारी आवास पर हुआ जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अन्तर्गत मकान गणना कार्य

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

जिलाधिकारी ने प्रगणक एवं जिला प्रभारी जनगणना को उपलब्ध कराईं आवश्यक जानकारियां

सम्भल(बहजोई), 24 मई 2026।
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अन्तर्गत प्रदेश भर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। इस अभियान के तहत प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य कर रहे हैं।

इसी क्रम में रेलवे स्टेशन रोड, बहजोई स्थित जिलाधिकारी आवास पर प्रगणक ब्रजलाल, प्रवक्ता बहजोई इंटर कॉलेज बहजोई एवं जिला प्रभारी जनगणना अनिल कुमार मौर्य द्वारा मकान गणना का कार्य सम्पन्न कराया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने मकान गणना से संबंधित आवश्यक एवं महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं तथा जनगणना कार्य की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उल्लेखनीय है कि जनपद सम्भल में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन हेतु कुल 4080 प्रगणक एवं 680 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये सभी कार्मिक 22 मई से 20 जून 2026 तक घर-घर जाकर सूचनाएं एकत्रित करेंगे।

जनपद प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के दौरान पूछे जाने वाले कुल 33 प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर उपलब्ध कराएं, क्योंकि इन आंकड़ों के आधार पर भारत सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों की रूपरेखा तैयार की जाती है।

साथ ही नागरिकों से यह भी अपेक्षा की गई है कि वे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सुचारु, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *