गंगा दशहरा पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने किया राजघाट बबराला का निरीक्षण

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

जनपद संभल में आगामी गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी संभल एवं पुलिस अधीक्षक संभल द्वारा राजघाट बबराला पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा दशहरा पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोरों एवं स्वास्थ्य टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *