कानपुर नगर में समाजवादी पार्टी ने जनसमस्याओं और महंगाई के मुद्दे को लेकर बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी 16 जून से शहर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) संदेश यात्रा निकालेगी। इस यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को उठाएंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएंगे।
शनिवार को नवीन मार्केट स्थित सपा कार्यालय में आयोजित बैठक में यात्रा की रणनीति तय की गई। महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने बताया कि यात्रा के दौरान पेयजल संकट, टूटी सड़कें, बिजली कटौती, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और पार्टी की नीतियों की जानकारी देंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के 1625 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कानपुर की सभी विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसकी रिपोर्ट 15 जून तक तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
बैठक में विधानसभा अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और जोनल प्रभारियों ने भाग लिया। वहीं समाजवादी छात्र सभा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए अरविंद यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सपा नेताओं का कहना है कि पीडीए संदेश यात्रा के जरिए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाकर जनसमर्थन को और मजबूत किया जाएगा।