केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने देश में सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि जल्द ही एक सहकारी जीवन बीमा कंपनी की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य देशभर की सहकारी संस्थाओं को बीमा क्षेत्र में अधिक सक्रिय और सशक्त बनाना है।
राष्ट्रीय राजधानी में सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि नई सहकारी जीवन बीमा कंपनी “भारत टैक्सी” मॉडल की तर्ज पर काम करेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना से देश की 8.5 लाख से अधिक सहकारी संस्थाओं और उनके लगभग 30 करोड़ सदस्यों को लाभ मिलने की संभावना है।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि सहकारी क्षेत्र को अब केवल पारंपरिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे आधुनिक आर्थिक ढांचे के साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में सहकारिता मंत्रालय द्वारा पारदर्शिता और पेशेवर व्यवस्था लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि देशभर की सहकारी संस्थाओं का एक व्यापक डेटाबेस तैयार किया गया है। साथ ही गुजरात के आणंद में त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है, जिससे सहकारी क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किए जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने यह भी जानकारी दी कि ‘भारत टैक्सी’ सेवा को अगले दो वर्षों में 500 शहरों तक विस्तार देने की योजना है। इसके अलावा 135 गोदामों के हस्तांतरण, 85 नए गोदामों के उद्घाटन तथा कई नई सहकारी परियोजनाओं की शुरुआत की घोषणा भी की गई।
सरकार ने 50,000 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को ई-पैक्स में बदलने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत सहकारी क्षेत्र को देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बनाना है।