रंगारेड्डी जिले से एक
हैदराबाद में खौफनाक हिट एंड रन: बेटे को टक्कर मारने के बाद पिता को 2 किमी तक बोनट पर घसीटा, आरोपी फरार
रंगारेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली रोड रेज की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मीरपेट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार चालक ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर उसके पिता को करीब 2 किलोमीटर तक कार के बोनट पर घसीटता हुआ ले गया।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर एस.के. जिलानी और उनका बेटा फैसल सवार थे। पीछे से आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान जिलानी कार के सामने खड़े होकर ड्राइवर को रोकने की कोशिश करने लगे, लेकिन आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज गति से भगा दी।
टक्कर के बाद जिलानी कार के बोनट पर गिर पड़े और चालक उन्हें घसीटता हुआ बालापुर चौराहे से मंडमल्लम्मा चौराहे तक ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह गाड़ी रुकवाई और जिलानी को बचाया।
इस हादसे में फैसल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।