सम्भल में भव्यता के साथ शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’

12 प्रमुख कार्यक्रम, ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान का आगाज

सम्भल (बहजोई) जनपद सम्भल में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत जनपद में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत जनपदभर में दीप प्रज्वलित कर सेवा, संकल्प, सकारात्मकता और जनकल्याण का संदेश दिया गया।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का जनपद स्तर पर शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित करने के साथ गंगा एक्सप्रेसवे के लहरावन इंटरचेंज पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने भी दीप प्रज्वलित कर सहभागिता की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

महिष्मति नदी के तट पर डीएम और एसपी ने जलाए दीप

जनपद सम्भल में प्राचीन महिष्मति नदी के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। विकासखंड सम्भल के ग्राम रसूलपुर सराय में महिष्मति नदी के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो चुका है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत ग्राम रसूलपुर सराय में नदी के किनारे जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित किए।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र, खण्ड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नदी तट पर आयोजित कार्यक्रम तथा वहां बनाई गई आकर्षक रंगोली का भी अवलोकन किया।

कलक्ट्रेट और विभागीय कार्यालयों में भी हुआ दीप प्रज्वलन

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत कलक्ट्रेट परिसर के साथ जनपद के विभिन्न विभागों और विभागीय कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित किए। इसके माध्यम से शासकीय कार्यालयों में सेवा भावना, जनकल्याण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।

जनपद के विभिन्न प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी उत्साह के साथ दीप प्रज्वलित किए गए। नई पुलिस लाइन, गणेश मंदिर चन्दौसी, नैमिषारण्य धाम, राजघाट बबराला, सादातवाड़ी मंदिर बहजोई, कैला देवी मंदिर, अमृत सरोवरों, कल्कि मंदिर, मेडिकल कॉलेज और गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों इंटरचेंज—खिरनी सम्भल एवं लहरावन बहजोई समेत विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए गए।

इसके अलावा जनपद के सभी पीएम श्री विद्यालयों सहित अन्य विद्यालयों, अन्नपूर्णा भवनों तथा विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रमुख प्राचीन 68 तीर्थ और 19 महाकूपों, खेल मैदान सिंहपुर सानी, सम्भल स्थित यमघण्ट तीर्थ और चौधरी सराय चौराहा समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप जलाए गए।

आईसीडीएस विभाग के तहत असमोली ब्लॉक परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने आकर्षक मानव रंगोली बनाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे के लहरावन इंटरचेंज पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बनाई गई रंगोली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। जनपदवासियों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, संकल्प, सकारात्मकता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Author

  • starnews24.in

    Star News 24 एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित के प्रति समर्पित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को आप तक सबसे पहले, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाना है। हम पत्रकारिता के उन मूल्यों पर चलते हैं, जिनकी नींव सच्चाई, ईमानदारी और जिम्मेदारी पर टिकी होती है।

    हमारा उद्देश्य है –
    “हर खबर सच्ची हो, हर आवाज सुनी जाए, और हर नागरिक जागरूक बने।”

    आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और हम हमेशा इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *