बहजोई/संभल। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र-31 के बहजोई कस्बे में शनिवार को समाजवादी पार्टी द्वारा PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित कर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास के बजाय समाज में सांप्रदायिक विभाजन की राजनीति कर रही है तथा गंगा-जमुनी तहजीब को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में चंदौसी विधानसभा की उपविजेता विमलेश कुमारी ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का पुष्पमालाओं से स्वागत कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। राज्यसभा सांसद हाजी जावेद अली खान और जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी का भी सम्मान किया गया।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, आरक्षण और PDA समाज की उपेक्षा के आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद हाजी जावेद अली खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब सभी वर्गों की पार्टी बन चुकी है और विभिन्न समाजों का व्यापक समर्थन पार्टी को मिल रहा है।
पूर्व मंत्री अकील उर रहमान खान ने कहा कि यदि संगठन बूथ स्तर तक PDA फार्मूले पर मजबूती से काम करे तो 2027 में चंदौसी विधानसभा सीट पर सपा की जीत संभव है। विमलेश कुमारी ने भी बूथ संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने पर जोर दिया।
सम्मेलन में विधायक राम खिलाड़ी यादव, विधायक फहीम इरफान, रेनू कुमारी, अमित यादव, उमेश यादव, संजय मदान, बिट्टन मालिक, जितेंद्र सागर, फिरोज खान, संजीव यादव, बिट्टू कश्यप, सुहैल इकबाल, मोहम्मद दानिश अली, भुवनेश यादव, हरवीर यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधर ने किया।